रांची: झारखंड में कोविड-19 की तीसरी लहर का पहला मामला सामने आया है। प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और झोलिवुड-बॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुके लाल विजय शाहदेव कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने खुद सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी साझा की।
लाल विजय शाहदेव ने अपनी फेसबुक पोस्ट में बताया कि 22 मई को जब वे मुंबई से रांची लौट रहे थे, तभी फ्लाइट में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। रांची पहुंचने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल वे रांची के सैंटेविटा अस्पताल में डॉ. मोहित नारायण की देखरेख में इलाजरत हैं और अब उनकी हालत स्थिर है।
शाहदेव ने लिखा, “भारत में अब तक 257 कोविड-19 के मामले सामने आए हैं, और मैं उनमें से एक हूं। मेरी तबीयत अब पहले से बेहतर है।” उन्होंने हाल ही में संपर्क में आए सभी लोगों से अपील की है कि अगर किसी को सिरदर्द, बदन दर्द, बुखार, खांसी या जुकाम जैसे लक्षण महसूस हों, तो वे तुरंत अपनी जांच कराएं। “आपकी सुरक्षा ही आपके अपनों की सुरक्षा है,” उन्होंने कहा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जनता से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा, “स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनना और हाथों की सफाई रखना जरूरी है।” मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार केंद्र सरकार की नई गाइडलाइंस का इंतजार कर रही है और निर्देश मिलते ही सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
देशभर में कोविड-19 के मामलों में हल्की वृद्धि देखी जा रही है, लेकिन अधिकांश मामले हल्के हैं और घर पर ही इलाज संभव है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की सलाह दी है।
शाहदेव ने यह भी बताया कि बीमारी के कारण वे झारखंड फिल्म विकास निगम लिमिटेड के सदस्य के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां फिलहाल नहीं निभा पाएंगे, जहां उन्हें कई फिल्मों की प्रीव्यू करना था।
नागरिकों से अपील:सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे कोविड के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं, मास्क पहनें, भीड़ से बचें और स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करें।