Manmohan Singh passes away: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। गुरुवार शाम को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया, जहां रात 9:51 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
डॉ. सिंह ने 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा की और 1991 में वित्त मंत्री के रूप में आर्थिक उदारीकरण की नीतियों की शुरुआत की, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई प्रमुख नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, “भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मनाता है। साधारण परिवार से उठकर वह एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने।” डॉ. सिंह के निधन से देश में शोक की लहर है, और उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।